“बेरोज़गार युवाओं की आवाज़” या शहरी विशेषाधिकार का डिजिटल आंदोलन?
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली।देश में तेजी से उभर रहे तथाकथित “Gen Z राजनीतिक आंदोलनों” को लेकर अब गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। खुद को बेरोज़गार युवाओं, ऑनलाइन पीढ़ी और व्यवस्था से निराश वर्ग की आवाज़ बताने वाली “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” पर आरोप लग रहे हैं कि यह वास्तव में जमीनी युवाओं का नहीं, बल्कि अंग्रेज़ी बोलने वाले विशेषाधिकार प्राप्त शहरी वर्ग का आंदोलन है।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आंदोलन का चेहरा और उसकी वास्तविक सामाजिक संरचना एक-दूसरे से मेल नहीं खाते। आंदोलन दावा करता है कि वह देश के बेरोज़गार युवाओं का प्रतिनिधित्व करता है, लेकिन इसकी गतिविधियाँ मुख्य रूप से डिस्कॉर्ड, इंस्टाग्राम और X जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म तक सीमित हैं, जिनकी पहुँच ग्रामीण और छोटे शहरों के युवाओं तक बेहद कम है।
कौन हैं CJP के संस्थापक?
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके हाल ही में अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से “पब्लिक रिलेशंस” की पढ़ाई कर चुके हैं और वर्तमान में अमेरिका में ही आगे की शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इससे पहले वे आम आदमी पार्टी के लिए डिजिटल कैंपेनिंग से भी जुड़े रहे हैं। आंदोलन से जुड़ा उनका पहला बड़ा इंटरव्यू अमेरिकी शहर शिकागो से अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान अल जज़ीरा को दिया गया था।
आलोचकों का कहना है कि यह प्रोफाइल किसी सामान्य बेरोज़गार भारतीय युवा की नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित राजनीतिक संचार विशेषज्ञ की प्रतीत होती है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या विदेशी विश्वविद्यालयों में पढ़े और वैश्विक नेटवर्क से जुड़े लोग वास्तव में छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोज़गार युवाओं की वास्तविक समस्याओं का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं?
“डिस्कॉर्ड आंदोलन” पर सवाल
CJP की अधिकांश गतिविधियाँ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर संचालित होती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि डिस्कॉर्ड और अंग्रेज़ी आधारित डिजिटल अभियान स्वाभाविक रूप से एक सीमित शहरी वर्ग को आकर्षित करते हैं।
छपरा, बरेली, वारंगल या अन्य छोटे शहरों के वे युवा, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी में जुटे हैं, इस डिजिटल विमर्श का हिस्सा दिखाई नहीं देते। आलोचकों का कहना है कि आंदोलन जिन युवाओं के नाम पर राजनीति कर रहा है, उन्हीं की वास्तविक भागीदारी इसमें सबसे कम दिखाई देती है।
“ऑपरेटर वर्ग” की भूमिका पर चर्चा
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि दक्षिण एशिया के कई हालिया छात्र और Gen Z आंदोलनों की तरह CJP के पीछे भी एक “ऑपरेटर वर्ग” सक्रिय हो सकता है। आंदोलन की पेशेवर ब्रांडिंग, अनुशासित मीडिया रणनीति और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में समन्वित उपस्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
विश्लेषकों का मानना है कि इस प्रकार के आंदोलनों में अक्सर अनुभवी राजनीतिक रणनीतिकार, NGO नेटवर्क या डिजिटल अभियान विशेषज्ञ पर्दे के पीछे भूमिका निभाते हैं, जबकि सामने युवा चेहरों को रखा जाता है।
असली सवाल क्या है?
सबसे बड़ा प्रश्न यह उठ रहा है कि जिन बेरोज़गार युवाओं के नाम पर यह आंदोलन चलाया जा रहा है, क्या वास्तव में उनसे राय ली गई है? क्या ग्रामीण और छोटे शहरों के युवाओं की समस्याएँ इस आंदोलन की प्राथमिकता हैं, या उन्हें केवल नैतिक समर्थन के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है?
फिलहाल यह बहस सोशल मीडिया से निकलकर राजनीतिक और सामाजिक विमर्श का हिस्सा बनती जा रही है। आने वाले समय में यह स्पष्ट होगा कि CJP वास्तव में जनआंदोलन बन पाती है या फिर इसे केवल शहरी डिजिटल राजनीति का एक नया प्रयोग माना जाएगा।

