
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन से पहले सियासत गरम, किरेन रिजिजू बोले- कानून व्यवस्था बिगाड़ी तो होगी कार्रवाई
विशेष संवाददाता संदेश धारा-
नई दिल्ली, 6 जून। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश (CJI) की एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा में आई तथाकथित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ आज राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रही है। संगठन द्वारा जंतर-मंतर पर आयोजित इस प्रदर्शन में CBSE में कथित अनियमितताओं और NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।
प्रदर्शन से पहले संगठन के संस्थापक अभिजीत दिपके दिल्ली पहुंच चुके हैं। आयोजन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया गया है।
इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन यदि कोई संगठन कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास करता है तो पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।
रिजिजू ने कहा, “यदि कॉकरोच जनता पार्टी कानून-व्यवस्था बिगाड़ती है तो पुलिस एक्शन लेगी।”
प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। जहां प्रदर्शनकारी शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं, वहीं प्रशासन का फोकस शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रिपोर्ट: विशेष संवाददाता
नई दिल्ली

