डिफेंस कॉलोनी विवाद के बीच MCD ने AE अनिल बंसल और JE रामेश्वर मीणा का किया तबादला
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 6 जून। नगर निगम दिल्ली (MCD) के इंजीनियरिंग विभाग ने 5 जून 2026 को जारी एक कार्यालय आदेश के तहत कई अभियंताओं के तबादले किए हैं। इनमें सेंट्रल जोन भवन विभाग में तैनात सहायक अभियंता (AE) अनिल बंसल और कनिष्ठ अभियंता (JE) रामेश्वर मीणा भी शामिल हैं।
कार्यालय आदेश के अनुसार, AE अनिल बंसल को सेंट्रल जोन से शाहदरा नॉर्थ जोन तथा JE रामेश्वर मीणा को सेंट्रल जोन से रोहिणी जोन स्थानांतरित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि यह तबादले इंजीनियरिंग विभाग के कार्यों को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से किए गए हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र में एक भवन को कथित रूप से निर्माण पूरा होने से पहले Completion Certificate जारी किए जाने को लेकर विवाद सामने आया था। इस मामले में भवन विभाग के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठाए गए थे। हालांकि MCD की ओर से स्थानांतरण आदेश में किसी जांच, शिकायत या विवाद का उल्लेख नहीं किया गया है।
निगम सूत्रों का कहना है कि स्थानांतरण एक नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया है, जबकि शिकायतकर्ताओं का दावा है कि विवाद सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। मामले को लेकर निगम प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि कथित अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए निगम कोई विभागीय कार्रवाई शुरू करता है या नहीं।

