हौज रानी-मालवीय नगर अग्निकांड: मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हुई, एक और घायल ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के हौज रानी, मालवीय नगर स्थित रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग के मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। पुलिस के अनुसार, उपचाराधीन एक और घायल व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया, जिसके बाद इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की कुल संख्या 22 पहुंच गई है।
इससे पहले आग की घटना में कुल 49 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। लगातार चल रहे उपचार के दौरान अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में भारतीय और विदेशी नागरिक दोनों शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, कुछ घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि कई अन्य अभी भी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।
घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और संबंधित एजेंसियों की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि भवन में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
राजधानी में हुए इस भीषण अग्निकांड ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

