ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में ट्रैक्टरों का अवैध जमावड़ा, जाम और सुरक्षा पर उठे सवाल
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 स्थित F-23/1, कालका डिपो रोड पर बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और लैंटर (कंक्रीट स्लैब) डालने वाली मशीनें सड़क किनारे खड़ी रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह स्थान धीरे-धीरे अवैध ट्रैक्टर पार्किंग में तब्दील हो गया है, जिससे दिनभर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों और उद्योग क्षेत्र से जुड़े लोगों के अनुसार, सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर दिन के समय सड़क पर कब्जा जमाए खड़े रहते हैं और रात के समय विभिन्न इलाकों में निर्माण कार्यों के लिए निकल जाते हैं। आरोप है कि खेती-किसानी के लिए पंजीकृत कई ट्रैक्टरों का उपयोग व्यावसायिक निर्माण कार्यों में किया जा रहा है, जिससे परिवहन और मोटर वाहन नियमों के उल्लंघन की आशंका भी जताई जा रही है।
लोगों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने से अन्य वाहनों और पैदल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न होने का खतरा बना रहता है।
क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया है कि इस समस्या की जानकारी स्थानीय पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम अधिकारियों को होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों से मांग की है कि सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए तथा यह भी जांच की जाए कि कृषि कार्यों के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का उपयोग कहीं व्यावसायिक गतिविधियों में तो नहीं किया जा रहा।
स्थानीय नागरिकों ने दिल्ली पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और एमसीडी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त कराने की मांग की है।
प्रमुख मांगें:
कालका डिपो रोड से अवैध ट्रैक्टर पार्किंग हटाई जाए।
व्यावसायिक कार्यों में लगे ट्रैक्टरों के दस्तावेजों की जांच हो।
सड़क पर अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई हो।
क्षेत्र में नियमित ट्रैफिक प्रवर्तन अभियान चलाया जाए।
जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाए।

