प्रेम संबंध को लेकर विवाद में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली | संदेश धारा
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र स्थित मोलड़बंद में प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार रात करीब 8 बजे 40 फुट रोड, गली नंबर-4 स्थित पांडे मेडिकल स्टोर के पास हुई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, डीडी नंबर 94ए के तहत सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मोलड़बंद एक्सटेंशन निवासी 17 वर्षीय किशोर को कथित तौर पर उस युवती के भाई ने मौके पर बुलाया, जिससे उसका प्रेम संबंध बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, किशोर अपने तीन दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार से किशोर के सीने और पेट पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल किशोर को लोगों की मदद से एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी।
(नोट: यह समाचार दिल्ली पुलिस द्वारा जारी प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और आगे की जांच में तथ्यों में परिवर्तन संभव है।)

