हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, एक तस्कर गिरफ्तार
दक्षिण जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड की कार्रवाई, 39 कार्टन शराब और मारुति बलेनो कार जब्त
साहिल संवाददाता
नई दिल्ली,दक्षिण जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा से दिल्ली लाई जा रही हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 39 कार्टन हरियाणा मार्का शराब एवं बीयर तथा तस्करी में प्रयुक्त मारुति बलेनो कार जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की सुबह एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड के एचसी धर्मेंद्र को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हरियाणा से अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर आया नगर बांध रोड के रास्ते दिल्ली में प्रवेश करेगा। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर महेंद्र दहिया के नेतृत्व तथा एसीपी (ऑपरेशंस) ऋतुराज की निगरानी में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध मारुति बलेनो कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। चालक की पहचान असलम (24 वर्ष), पुत्र वकील खान, निवासी नंगला पार्ट-2, फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फतेहपुर बेरी में एफआईआर संख्या 292/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
15 कार्टन (720 क्वार्टर) प्रीमियम अंग्रेजी शराब,
11 कार्टन (264 हाफ बोतल) प्रीमियम अंग्रेजी शराब,
3 कार्टन (36 फुल बोतल) प्रीमियम अंग्रेजी शराब,
10 कार्टन (120 बोतल) हरियाणा मार्का बीयर,
तथा एक मारुति बलेनो कार बरामद की।
ऐसे करता था तस्करी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी हरियाणा से कम कीमत पर शराब खरीदकर सुबह के समय कम निगरानी वाले रास्तों से दिल्ली लाता था, ताकि पुलिस जांच से बच सके। दिल्ली में इस शराब की अवैध आपूर्ति कर मोटा मुनाफा कमाया जाता था।
पूरे नेटवर्क की तलाश जारी
दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार, आरोपी का अभी तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप किससे खरीदी गई थी और दिल्ली में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच जारी है।
दक्षिण जिला पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से हरियाणा से दिल्ली में संचालित अवैध शराब तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

