24 घंटे में तीन जिंदगियां बचाईं, कालिंदी कुंज पुलिस की तत्परता से टली तीन बड़ी त्रासदियां
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 9 अगस्त। दक्षिण-पूर्वी जिले के कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने पिछले 24 घंटों के दौरान अलग-अलग घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों की जान बचाकर मानवीय संवेदनशीलता और पुलिस की तत्परता का परिचय दिया। पुलिस की टीम एक ओर जहां क्षेत्र में कांवड़ व्यवस्था संभाल रही थी, वहीं दूसरी ओर संकट में फंसे लोगों की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई थाना कालिंदी कुंज के एसएचओ इंस्पेक्टर रमन कुमार सिंह के नेतृत्व में, एसीपी सरिता विहार अनिल शर्मा की निगरानी और डीसीपी दक्षिण-पूर्वी जिला आईपीएस हेमंत तिवारी के समग्र पर्यवेक्षण में की गई।
लोहिया पुल पर नाबालिग लड़की को बचाया
8 अगस्त को घरेलू विवाद के कारण एक 16 वर्षीय लड़की द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल अनीस और कांस्टेबल हनी मौके पर पहुंचे और लड़की से बातचीत शुरू की। इसके बाद एसएचओ इंस्पेक्टर रमन कुमार सिंह और एसआई सत्यप्रीत की टीम ने उसे समझाया और काउंसलिंग की। पुलिस की समझाइश के बाद लड़की को सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया गया।
कालिंदी कुंज पुल से छलांग लगाने की कोशिश रोक दी
8 अगस्त की रात करीब 8:23 बजे नोएडा से एक महिला ने PCR को फोन कर सूचना दी कि उसका भाई कालिंदी कुंज पुल से छलांग लगाने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही एसएचओ इंस्पेक्टर रमन कुमार सिंह और इंस्पेक्टर अमित कुमार ने युवक से फोन पर संपर्क स्थापित किया और उसकी लाइव लोकेशन ट्रेस की।
पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक से लगातार बातचीत कर उसे समझाया। समय रहते पुलिस के हस्तक्षेप से युवक को आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया गया और उसे सुरक्षित उसके परिवार से मिलाया गया।
यमुना में कूदी महिला को स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाया
9 अगस्त को यमुना पुल से एक महिला के नदी में छलांग लगाने की सूचना मिली। कालिंदी कुंज पिकेट के पास तैनात हेड कांस्टेबल हरीश ने सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की। इसी दौरान कांवड़ व्यवस्था में तैनात एसएचओ रमन कुमार सिंह और उनकी टीम भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और आम लोगों की मदद से महिला को यमुना से बाहर निकाला। महिला उस समय बेहोशी की हालत में थी। पुलिस ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसे समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।
कांवड़ व्यवस्था के बीच पुलिस की दोहरी जिम्मेदारी
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के अनुसार, कालिंदी कुंज थाना पुलिस द्वारा इन तीनों मामलों में दिखाई गई तत्परता, सूझबूझ और संवेदनशील व्यवहार ने तीन बहुमूल्य जिंदगियां बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यमुना में महिला को बचाने के दौरान स्थानीय गोताखोरों और आम नागरिकों द्वारा दिए गए सहयोग की भी पुलिस ने सराहना की।
पुलिस का कहना है कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था संभालने के साथ-साथ संकट में फंसे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। कालिंदी कुंज पुलिस की इन घटनाओं में त्वरित कार्रवाई इसी जिम्मेदारी के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


