नेहरू प्लेस में 35–40 लाख की चोरी का खुलासा, 22 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
520 SSD कार्ड और 160 RAM बरामद, करीब 45 CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के थाना कालकाजी पुलिस ने नेहरू प्लेस स्थित एक दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 520 SSD कार्ड और 160 RAM बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत 35 से 40 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 को थाना कालकाजी में FIR संख्या 509/2026, धारा 305 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता सचिन मित्तल ने बताया था कि नेहरू प्लेस स्थित मंजूषा बिल्डिंग-57 में उनकी दुकान में अज्ञात व्यक्तियों ने सेंधमारी कर करीब 500 नग 512 GB SSD कार्ड समेत अन्य कंप्यूटर संबंधी सामान चोरी कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कालकाजी पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दुकान के आसपास और नेहरू प्लेस मार्केट में लगे करीब 45 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही CDR विश्लेषण और अन्य तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों की भी जांच की गई।
पुलिस का दावा है कि CCTV फुटेज और तकनीकी सुरागों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। लगातार फील्ड एवं तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने कृष्ण बिंद (22) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
बरामद सामान
520 SSD कार्ड — 512 GB प्रत्येक
160 RAM — 8 GB प्रत्येक
बरामद माल की अनुमानित कीमत ₹35–40 लाख
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्ण बिंद पुत्र सुदर्शन बिंद, निवासी झुग्गी नंबर 229, न्यू प्रियंका कैंप, सरिता विहार, दिल्ली, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का इससे पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
पुलिस टीम में SI प्रदीप चौहान, HC ललित, HC रविंदर, HC अवनीश भाटी और HC कुलदीप शामिल रहे। टीम ने SHO कालकाजी इंस्पेक्टर अजय कुमार के पर्यवेक्षण तथा ACP कालकाजी वी.के.पी.एस. यादव की निगरानी में कार्रवाई की। जांच DCP दक्षिण-पूर्वी जिला विनीत कुमार, IPS के समग्र निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है और मामले में आगे की जांच जारी है।

