दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी, वाहन चोरी, स्नैचिंग, जुआ और अवैध शराब पर शिकंजा
अमर कॉलोनी में कुक निकला घर का चोर, बिहार से गिरफ्तारी; ₹5.96 लाख नकद और लाखों के आभूषण बरामद
ओखला में वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो CCL समेत तीन पकड़े; 7 चोरी के दोपहिया बरामद
कालकाजी पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में 7 आरोपी गिरफ्तार, चाकू, 200 क्वार्टर शराब, मोबाइल और नकदी बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी, वाहन चोरी, स्नैचिंग, जुआ, अवैध शराब और अवैध हथियार से जुड़े मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इन कार्रवाइयों में अमर कॉलोनी से चोरी का आरोपी बिहार से गिरफ्तार, ओखला फेज-III से वाहन चोरी गिरोह का खुलासा, जबकि कालकाजी में अलग-अलग मामलों में कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। कार्रवाई के दौरान सोने के आभूषण, ₹5.96 लाख से अधिक नकदी, मोबाइल फोन, iPad, सात चोरी के दोपहिया वाहन, चाकू और 200 क्वार्टर अवैध शराब बरामद किए जाने का दावा किया गया है।

कुक बनकर घर में आया और चोरी के बाद बिहार भागा
अमर कॉलोनी पुलिस ने ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित D-114 में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी डेबू राय पुत्र लालू राय, निवासी दरभंगा, बिहार को बिहार से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक 6 सितंबर 2026 को चोरी की PCR कॉल मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। घर के बाथरूम की कांच की खिड़की टूटी हुई मिली। शिकायतकर्ता संदीप गंभीर ने घर से आभूषण और नकदी चोरी होने तथा अपने कुक डेबू राय के गायब होने की जानकारी पुलिस को दी।
मामले में e-FIR No. 80075121/2026, दिनांक 07.09.2026, धारा 305/331(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली और परिवार व आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना से करीब सात दिन पहले ही कुक के रूप में घर में काम करने आया था। उसका मोबाइल बंद मिलने के बाद CDR और तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी गतिविधियों का पता लगाया गया।
पुलिस टीम बिहार पहुंची और दरभंगा के दिल्ली मोड़ रोड क्षेत्र से डेबू राय को गिरफ्तार कर लिया।
₹5.96 लाख नकद समेत आभूषण बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर—
2 सोने की चेन, पेंडेंट सहित एक सोने की चेन, 3 सोने के कड़े/चूड़ियां, 5 सोने की अंगूठियां, 3 मंगलसूत्र, 3 पन्ना अंगूठियां, स्टोन लगी एक अंगूठी, सोने के ईयर टॉप की एक जोड़ी, सोने की पिन वाला रुद्राक्ष, 7 चांदी की बिछिया, 8 लेडीज घड़ियां, 11 पुरुषों की घड़ियां, 5 मोबाइल फोन, एक iPad और ₹5,96,810 नकद बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने आर्थिक परेशानियों और अपनी मनचाही जीवनशैली के लिए पैसे की जरूरत को चोरी की वजह बताया है। पुलिस के अनुसार उसका कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
ओखला में वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 7 चोरी के दोपहिया बरामद
दूसरी बड़ी कार्रवाई में PP Okhla Industrial Area की टीम ने वाहन चोरी के एक कथित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 23 वर्षीय आकाश पुत्र संजू, निवासी मदनपुर खादर तथा दो CCL को पकड़ा है।

पुलिस के मुताबिक 10 सितंबर 2026 को ओखला फेज-III स्थित सरदार पटेल पार्क के पास गश्त के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर देखा। रुकने का इशारा करने पर उन्होंने कथित तौर पर रफ्तार बढ़ा दी। पीछा कर पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।
ZipNet पर जांच करने पर मोटरसाइकिल थाना जामिया नगर के e-FIR No. 017921/26, दिनांक 02.08.2026 में चोरी की पाई गई। वाहन को जब्त किया गया तथा e-Sakshya App के माध्यम से जब्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई।
पूछताछ के बाद पुलिस ने हरकेश नगर ड्रेन और DDA Jungle, ओखला फेज-III में कार्रवाई कर छह और चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए।
चोरी के वाहनों के पार्ट्स बेचने का दावा
पुलिस के अनुसार आकाश ने पूछताछ में खुद को गिरोह का मुख्य राइडर और ऑपरेटर बताया। पुलिस का दावा है कि चोरी के वाहनों को खोलकर उनके पार्ट्स बाहरी दिल्ली में एक अज्ञात व्यक्ति को बेचे जाते थे। कथित रिसीवर की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
बरामद सात वाहनों में जामिया नगर, NFC, कालिंदी कुंज और सरिता विहार थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामले से जुड़े वाहन शामिल हैं।
कालकाजी पुलिस का एक्शन: जुआ, हथियार, शराब और स्नैचिंग मामलों में गिरफ्तारी
थाना कालकाजी पुलिस ने रात की गश्त और अलग-अलग अभियानों के दौरान विभिन्न आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की।

जुआ मामले में दो गिरफ्तार
पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में पंकज कुमार (25) और अजीत प्रसाद (36) को गिरफ्तार किया। इस संबंध में FIR No. 541/2026, धारा 12/9/55 Gambling Act के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने ₹1,650 नकद बरामद किए।
चाकू के साथ आरोपी पकड़ा
दूसरी कार्रवाई में रवि उर्फ मास उर्फ सुनील कुमार, निवासी शिव एन्क्लेव, फरीदाबाद को पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक चाकू बरामद होने का दावा किया गया। इस संबंध में FIR No. 542/2025, धारा 25 Arms Act दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ करीब 25 पूर्व आपराधिक संलिप्तताएं मिली हैं।
200 क्वार्टर अवैध शराब बरामद
पुलिस ने अभिषेक उर्फ घोड़ा (19) निवासी श्याम नगर, ओखला फेज-III को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 200 क्वार्टर अवैध शराब बरामद करने का दावा किया। इस मामले में FIR No. 543/2026, धारा 33 Delhi Excise Act दर्ज की गई।
स्नैचिंग केस में दो आरोपी गिरफ्तार
FIR No. 535/2026 की जांच में पुलिस ने रंजीत राय उर्फ रोहन (18) और शहबाज खान उर्फ शावाज (23) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों से कथित तौर पर छीना गया Vivo मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल बताई गई Hero Splendor Plus मोटरसाइकिल DL3SGB6481 बरामद हुई।
राजकोट से PO गिरफ्तार
थाना कालकाजी पुलिस ने एक पुराने मामले में वांछित हितेश कोटाडिया (43), निवासी राजकोट, गुजरात को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक वह FIR No. 366/2019, थाना कालकाजी में वांछित था।
तकनीकी जांच और फील्ड इंटेलिजेंस पर जोर
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के मुताबिक इन सभी कार्रवाइयों में रात्रि गश्त, CCTV फुटेज, CDR विश्लेषण, तकनीकी निगरानी, क्षेत्रीय सूचना और अंतरराज्यीय समन्वय का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने वाहन चोरी, स्नैचिंग, अवैध हथियार, जुआ और अवैध शराब कारोबार जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस की लगातार कार्रवाई से एक तरफ चोरी और वाहन चोरी के मामलों में आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया गया है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर सक्रिय कथित अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर भी शिकंजा कसने का संदेश दिया गया है।

