महिंद्रा वर्कशॉप के बाहर अवैध पार्किंग से जाम, मिलीभगत के आरोप । दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क पर खड़ा करने से यातायात प्रभावित, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के ओखला औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में टंकी कैंप के सामने स्थित महिंद्रा वर्कशॉप के बाहर वाहनों की कथित अवैध एवं बेतरतीब पार्किंग स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्कशॉप में मरम्मत के लिए आने वाले बोलेरो और अन्य व्यावसायिक वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया जाता है, जिसके कारण सुबह से शाम तक यातायात प्रभावित रहता है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक वर्कशॉप में प्रतिदिन करीब 10 से 20 वाहन मरम्मत के लिए पहुंचते हैं। इनमें दुर्घटनाग्रस्त वाहन भी शामिल बताए जाते हैं। आरोप है कि इन वाहनों को वर्कशॉप के बाहर सड़क पर ही खड़ा कर दिया जाता है, जिससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और वाहनों की आवाजाही बाधित होती है। कई बार सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।

MCD अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस की भूमिका पर सवाल
स्थानीय लोगों ने MCD के JE मेंटेनेंस अमित कुमार और LI बृज भूषण की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों तथा ट्रैफिक पुलिस की कथित मिलीभगत के चलते वर्कशॉप के बाहर दुर्घटनाग्रस्त एवं अन्य वाहनों की पार्किंग लगातार जारी है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि कार्रवाई के बजाय कुछ मौकों पर केवल जाम खुलवाने तक ही कार्रवाई सीमित रह जाती है।
स्कूली बच्चों और मरीजों को भी परेशानी
सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर होने का दावा किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूली बच्चों, कर्मचारियों, राहगीरों और मरीजों को रास्ते से निकलने में परेशानी होती है। कई बार वाहन 10 से 15 मिनट तक जाम में फंसे रहते हैं। सी-लाल चौक की ओर आने-जाने वाले पैदल यात्रियों को भी सड़क पर खड़े वाहनों के कारण असुविधा का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि वर्कशॉप के बाहर सड़क पर खड़े वाहनों की स्थिति की MCD, ट्रैफिक पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से जांच की जाए। यदि सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर अनधिकृत पार्किंग पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के लिए वर्कशॉप परिसर के भीतर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
संदेश धारा का सवाल: यदि शिकायतें पहले से संबंधित विभागों के संज्ञान में थीं, तो सड़क पर लगातार वाहनों की पार्किंग रोकने के लिए अब तक स्थायी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी?

