जामिया नगर से शाहीन बाग तक नाला कवर करने का काम शुरू, ओखला की जनता को बड़ी राहत की उम्मीद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। ओखला विधानसभा क्षेत्र के जामिया नगर और शाहीन बाग इलाके के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही नाले को कवर करने की मांग अब पूरी होने की दिशा में बढ़ गई है। जामिया नगर थाने से शाहीन बाग थाने तक नाले को पूरी तरह कवर करने का काम शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम (MCD) द्वारा इस परियोजना के लिए करीब 4 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है। नाले के कवर होने से आसपास के क्षेत्रों में गंदगी, दुर्गंध और खुले नाले से जुड़ी समस्याओं से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस कार्य को स्थानीय निगम पार्षद अरीबा खान की लगातार कोशिशों और मेहनत का परिणाम बताया जा रहा है। लंबे समय से क्षेत्र के निवासी खुले नाले को लेकर शिकायत करते रहे हैं और इसे स्वास्थ्य तथा स्वच्छता की दृष्टि से गंभीर समस्या बताते रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला कवर होने के बाद क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर होगी और राहगीरों तथा आसपास रहने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। साथ ही, इस परियोजना से इलाके के सौंदर्यीकरण में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
जनता ने नाला कवर करने के कार्य की शुरुआत का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरा किया जाएगा, ताकि करोड़ों रुपये की इस परियोजना का वास्तविक लाभ स्थानीय निवासियों को मिल सके।
ओखला की जनता के लिए यह लंबे समय से लंबित मांग के पूरा होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

