प्रधान गार्डन, जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड पर फ्लड विभाग की जमीन का मामला; GRAP-3 के दौरान भी लगातार डाला जा रहा मलबा।
सरकारी जमीन पर मलबा डालकर कब्जे की कोशिश का आरोप, MCD की कार्रवाई के बाद भी नहीं थमा डंपरों का आना-जाना
साहिल मंसूरी संदेश धारा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रदूषण की रोकथाम के लिए GRAP-3 लागू होने के बावजूद नियमों के उल्लंघन और सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। प्रधान फार्म, जैतपुर-कालिंदी कुंज रोड स्थित फ्लड विभाग की जमीन पर अख्तर प्रधान द्वारा डंपरों के माध्यम से लगातार मलबा डलवाकर कब्जा करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत के अनुसार, संबंधित जमीन पर पहले भी मलबा डाले जाने को लेकर नगर निगम (MCD) द्वारा हाल ही में तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद कथित तौर पर डंपरों के जरिए रोजाना मलबा डालने का सिलसिला जारी है। इससे सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की आशंका के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण नियमों के पालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
मामला थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र का बताया जा रहा है। शिकायत के माध्यम से फ्लड विभाग, MCD, दक्षिण-पूर्वी जिला प्रशासन और दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया गया है।
अब सवाल यह है कि MCD की कार्रवाई के बावजूद मलबा डालने का काम कैसे जारी है? क्या संबंधित विभागों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर कार्रवाई के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है?
स्थानीय स्तर पर मांग की जा रही है कि संबंधित विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण करें, मलबा डालने वाले डंपरों की पहचान कर कार्रवाई करें और फ्लड विभाग की जमीन की पैमाइश कराकर उसे अतिक्रमण से सुरक्षित किया जाए।
प्रशासन से मांग है कि सरकारी जमीन पर कथित कब्जे के प्रयास और GRAP-3 के उल्लंघन की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

