
विशेष संवाददाता संदेश धारा-
नई दिल्ली | गोविंदपुरी
गोविंदपुरी थाना क्षेत्र के तुगलकाबाद गांव स्थित कांगर मोहल्ला में रविवार दोपहर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस को दोपहर करीब 3:45 बजे झगड़े की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसे डीडी नंबर 85A के तहत दर्ज किया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मकान नंबर 268, कांगर मोहल्ला में एक कमरे के दरवाजे पर 20 से 25 वर्ष आयु के अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गोविंदपुरी, एसीपी कालकाजी तथा अपर पुलिस उपायुक्त-I (दक्षिण-पूर्व जिला) मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
शव को एम्स (AIIMS) मोर्चरी भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान हिमांशु कुमार चौहान उर्फ अंशु, पुत्र सतीश कुमार चौहान के रूप में हुई है। वह कांगर मोहल्ला, तुगलकाबाद गांव का निवासी था तथा उसका स्थायी पता जनपद एटा, उत्तर प्रदेश है।
पुलिस के अनुसार, हिमांशु पहले ओखला फेज-1 स्थित एक संस्थान में हाउसकीपिंग का कार्य करता था, लेकिन पिछले तीन महीनों से बेरोजगार था।
जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में प्रगति के साथ और जानकारी साझा की जाएगी।

