
मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के सफल आयोजन को लेकर प्रशासनिक समीक्षा बैठक
गुलफाम सैफी | संदेश धारा
जनपद हापुड़ में 22 फरवरी 2026 को प्रस्तावित मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश हापुड़, श्री अजय कुमार सिंह प्रथम ने की।
यह बैठक दिनांक 04 फरवरी 2026 को जनपद के समस्त प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक का संचालन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हापुड़ श्री सौरभ कुमार वर्मा द्वारा किया गया। बैठक में अपर जिला जज (विशेष एस.सी./एस.टी. एक्ट) हापुड़, श्रीमती हनी गोयल की देखरेख एवं यज्ञेश चन्द पाण्डेय की उपस्थिति रही।
बैठक में अपर जिला जज श्रीमती हनी गोयल ने बताया कि माननीय नालसा एवं सालसा के निर्देशों के क्रम में जनपद हापुड़ के समस्त प्रशासनिक विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए दिनांक 22.02.2026 को मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेगा शिविर से पूर्व जनपद में लघु शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा, जिनमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नियुक्त पराविधिक स्वयंसेवकों एवं पैनल अधिवक्ताओं की सहायता ली जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा सके।
बैठक में समस्त विभागों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की विस्तृत सूची कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हापुड़ को शीघ्र उपलब्ध कराएं तथा मेगा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार की भी सुनिश्चित व्यवस्था करें।
बैठक में नोडल अधिकारी/प्रशासनिक विभाग की ओर से मोनिका सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के स्थान पर नोडल अधिकारी सुनीता सिंह, पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी श्री वरुण मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

