ओखला में नगर निगम का बड़ा एक्शन, हटाया अतिक्रमण

ओखला ओधोगिक क्षेत्र को जाममुक्त और सुन्दर बनाने के संकल्प के निगम ने हटाया अवैध अतिक्रमण,लेकिन कुछ घंटो बाद फिर हुआ अतिक्रमण।
विशेष संवाददाता।
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के ओखला ओधोगिक क्षेत्र फेज-1 में अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। दिल्ली नगर निगम के अधिकारी जेसीबी और डंपर लेकर सड़कों पर उतरे, जिसकी वजह से रेहड़ी-पटरी वालों में हड़कंप मच गया।
दिल्ली नगर निगम ने ओखला ओधोगिक क्षेत्र को जाममुक्त और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ सोमवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाया। फुटपाथों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से कब्जा जमाए रेहड़ी-पटरी संचालकों और अनधिकृत वेंडर्स के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। भारी पुलिस बल और नगर निगम की टीम को देख कई अतिक्रमणकारी खुद ही सामान समेटते नजर आए, जबकि दर्जनों अवैध दुकानों और ठेलियों को जब्त कर डंपरों में लाद दिया गया।
निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर की सड़कों को सुगम और जाम-मुक्त बनाने के लिए प्रतिदिन अतिक्रमण-उन्मूलन की योजना बनाई गई है। इस विशेष कार्य के लिए प्रत्येक वर्क सर्किल को समर्पित रूप से एक-एक जेसीबी और एक-एक डंपर उपलब्ध कराया गया है, ताकि कहीं भी अवैध कब्जा पनप न सके। उन्होंने कहा कि विभिन्न औद्योगिक संगठनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अनधिकृत वेंडर्स के कारण मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित हो रहा है और पैदल चलने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को हुई इस व्यापक कार्रवाई के तहत सी-ब्लॉक और यूनियन बैंक फेज-1 में सघन अभियान चला अवैध अतिक्रमण को जड़ से साफ किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यह अभियान अब रुकने वाला नहीं है और सार्वजनिक भूमि पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, दूसरी ओर यूनियन बैंक के सामने अतिक्रमण हटाने के कुछ घण्टाप बाद दोबारा अतिक्रमण किया जाने लगा जिसकी जानकारी स्थानीय पुलिस बीटकर्मी, पुलिस के आला अधिकारिओं और दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों को भेज दी गई।

