वाल्मीकि मंदिर जेजे कॉलोनी, पंत नगर, जंगपुरा में दर्दनाक हादसा: अवैध तमंचे से चली गोली, महिला की मौत, 18 वर्षीय पुत्र गिरफ्तार
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दिनांक 10.02.2026 को रात्रि 10:39 बजे थाना लाजपत नगर में मूलचंद अस्पताल से पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें एक महिला को गोली लगने से मृत अवस्था में लाए जाने की सूचना दी गई।
मृतका का परिचय
मृतका की पहचान श्रीमती सुमति (उम्र 37 वर्ष) निवासी पंत नगर, जंगपुरा के रूप में हुई है।
वह आसपास के घरों में घरेलू सहायिका के रूप में कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही थीं।
मृतका अपने पीछे पति चोटू, जो दैनिक मजदूरी पर माली का कार्य करते हैं, तथा तीन बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें एक 11 वर्षीय पुत्री भी शामिल है।
घटना स्थल व जांच
प्रारंभिक जांच में घटना स्थल वाल्मीकि मंदिर जेजे क्लस्टर, पंत नगर, जंगपुरा, थाना हजरत निजामुद्दीन क्षेत्र में पाया गया।
स्थानीय पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू की गई, जिसमें मृतका के 18 वर्षीय पुत्र तरुण को आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया।
घटना का विवरण
जांच में सामने आया कि आरोपी तरुण ने आश्रम क्षेत्र से किसी अज्ञात व्यक्ति से अवैध देसी तमंचा खरीदा था।
आरोपी अपनी मां को तमंचा दिखा रहा था, तभी अचानक गोली चल गई, जो सीधे मृतका के चेहरे पर लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
गिरफ्तारी व बरामदगी
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पास के नाले से अवैध तमंचा बरामद किया गया।
कानूनी कार्रवाई
घटना स्थल पर क्राइम टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए।
इस संबंध में FIR संख्या 42/2026, धारा 105 BNS तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 व 54 के तहत दिनांक 10.02.2026 को थाना हजरत निजामुद्दीन में मामला दर्ज किया गया है।
अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

