जेजे कॉलोनी बी 2 सड़क किनारे मछली-मुर्गा मार्केट से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था, स्थानीय लोगों में रोष

- मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट-2, कालिंदी कुंज क्षेत्र की स्थिति गंभीर
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट-2 स्थित B-2 जेजे कॉलोनी में थाना कालिंदी कुंज के पास सड़क किनारे लगने वाला मछली एवं मुर्गा मार्केट इन दिनों स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। संकरी सड़क पर अस्थायी दुकानों के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर यह मार्केट लग रहा है, वह मुख्य मार्ग है और आसपास घनी आबादी है। सुबह और शाम के समय यहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। दुकानों के सामने खड़े ग्राहक, सड़क पर खड़े वाहन और खुले में रखे पिंजरे व टेबल सड़क की चौड़ाई को और कम कर देते हैं। परिणामस्वरूप राहगीरों को निकलने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
निवासियों का आरोप है कि जब तक मैन पुश्ता रोड का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक इस अस्थायी मार्केट को किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि वर्तमान स्थिति में न तो एंबुलेंस और न ही फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं समय पर निकल पाएंगी, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका बनी रहती है।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर भी सवाल
स्थानीय नागरिकों ने यह भी चिंता जताई है कि खुले में मछली और मांस की बिक्री से दुर्गंध फैलती है और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होती है। आसपास रहने वाले परिवारों, महिलाओं और बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि मार्केट के कारण कूड़ा-कचरा भी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है।
प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने संबंधित प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग से मांग की है कि स्थिति का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि जब तक मैन पुश्ता रोड पूरी तरह तैयार नहीं हो जाती, तब तक सड़क किनारे इस प्रकार के बाजार को हटाकर किसी निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और यातायात सुचारु रूप से चल सके।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो वे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे।

