
प्रॉपर्टी विवाद में थाने लाए गए बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। थाना पुल प्रहलादपुर क्षेत्र में सोमवार (23 फरवरी 2026) को एक संपत्ति विवाद के बाद थाने लाए गए 62 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शमशेर सिंह (62 वर्ष) के रूप में हुई है।
क्या है मामला?
पुलिस के अनुसार दोपहर 02:57 बजे थाना पुल प्रहलादपुर में RZ-E-5, मित्तल कॉलोनी स्थित एक मकान में झगड़े को लेकर पांच PCR कॉल प्राप्त हुईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और PCR स्टाफ मौके पर पहुंचा।
मौके पर एक ही परिवार के दो पक्ष—दो सगे भाइयों शमशेर सिंह और अर्जुन सिंह—के बीच लंबे समय से चल रहे प्रॉपर्टी विवाद को लेकर कहासुनी और मारपीट की स्थिति पाई गई। दोनों पक्षों को अलग कर शांति भंग की आशंका को देखते हुए अलग-अलग वाहनों (SHO वाहन एवं PCR वैन) से थाना लाया गया।
थाने में बिगड़ी तबीयत
पुलिस के मुताबिक, शमशेर सिंह करीब 03:30 बजे थाना पहुंचे। वहां मौजूद रहते हुए वह अपने भाई और भतीजों पर चिल्लाने लगे और उत्तेजित हो गए। करीब 03:40 बजे उन्हें बेचैनी महसूस हुई और वे जमीन पर लेट गए।
स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस ने तुरंत पास में खड़ी PCR वैन से उन्हें अस्पताल भेजा।
03:45 बजे – AIIMS ट्रॉमा सेंटर के लिए रवाना
04:20 बजे – अस्पताल पहुंचाया गया
04:30 बजे – डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अस्पताल में डॉक्टरों ने CPR सहित आपात उपचार शुरू किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
स्वास्थ्य पृष्ठभूमि
जानकारी के अनुसार मृतक उच्च रक्तचाप (Hypertension) और हृदय रोग (Coronary Artery Disease) के मरीज थे। हालिया मेडिकल रिकॉर्ड में उनकी हृदय की मुख्य धमनी (LAD) में 100% ब्लॉकेज की पुष्टि बताई गई है।
कानूनी कार्रवाई
मृतक के पुत्र राहुल की शिकायत पर FIR संख्या 44/2026 दिनांक 24.02.2026 थाना पुल प्रहलादपुर में अर्जुन सिंह व अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।
मामले की सूचना विधि अनुसार उप मंडल दंडाधिकारी (SDM) को मजिस्ट्रियल जांच (Inquest Proceedings) के लिए दी गई है। साथ ही नियमानुसार संबंधित न्यायिक मजिस्ट्रेट और National Human Rights Commission को भी सूचना प्रेषित की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि PCR कॉल पर तत्काल कार्रवाई की गई थी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को थाने लाया गया। आगे की जांच वैधानिक प्रावधानों के अनुसार जारी है।

