
असोला गांव में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के थाना मैदानगढ़ी क्षेत्र के असोला गांव स्थित झेंडा कॉलोनी में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार 6 मार्च 2026 की शाम पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि झेंडा कॉलोनी, असोला गांव में एक युवक कमरे के अंदर फांसी पर लटका हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को कॉल करने वाले हरिमोहन पुत्र चौबे राम अपने बेटे के साथ मौजूद मिले।
हरिमोहन ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे का दोस्त दिलीप करीब तीन दिन पहले ही इस कमरे में रहने आया था। एक दिन पहले दिलीप के जीजा ने उनके बेटे को फोन कर पूछा था कि दिलीप वहां है या नहीं, क्योंकि उसका फोन बंद आ रहा था। उन्होंने कमरे पर जाकर देखने को कहा।
इसके बाद हरिमोहन और उनका बेटा दिलीप के कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था और कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो दिलीप छत के पंखे से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला।
सूचना मिलते ही क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई गई। मृतक की पहचान दिलीप कुमार बैरवा (24) पुत्र लक्की राम बैरवा निवासी गांव भोलूपुरा, थाना कुदगांव, जिला करौली, राजस्थान के रूप में हुई है। वह दिल्ली में एक निजी स्थान पर सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मामले में किसी तरह की साजिश या संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

