
दक्षिणी जोन में गंदगी और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी मुहिम, डीसी ने की सख्त कार्रवाई
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए दिल्ली नगर निगम के दक्षिणी जोन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दक्षिणी जोन के उपायुक्त राकेश कुमार ने कार्यभार संभालते ही इलाके में अतिक्रमण हटाने, सफाई व्यवस्था मजबूत करने और पार्कों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम के अनुसार यह अभियान करीब दस दिनों तक लगातार चलाया जाएगा, जिसमें दक्षिणी जोन के 23 वार्डों को शामिल किया गया है। इस दौरान निगम की टीमें अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर सड़कों और फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही हैं। कई जगहों पर फुटपाथों पर अवैध कब्जों के कारण पैदल चलने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अभियान के तहत फुटपाथों को खाली कराया जा रहा है, ताकि लोगों को आने-जाने में सुविधा हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारु रह सके। इसके साथ ही दक्षिणी दिल्ली के पार्कों में सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निगम की टीमें पार्कों के अंदर और आसपास फैली गंदगी को साफ करने के साथ-साथ वहां हुए अतिक्रमण को भी हटा रही हैं।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि पार्क शहर के लिए बेहद जरूरी हैं और इन्हें साफ व सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि लोग स्वच्छ वातावरण में टहल सकें और बच्चे सुरक्षित माहौल में खेल सकें।
इसके अलावा निगम द्वारा स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखें तथा कूड़ा सड़कों या खुले स्थानों पर फेंकने के बजाय कूड़ेदान में ही डालें।
दक्षिणी जोन के उपायुक्त राकेश कुमार ने कहा कि यह अभियान सभी 23 वार्डों में चलाया जा रहा है और इसमें अतिक्रमण हटाने, पार्कों की सफाई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने आवासीय कल्याण समितियों, छात्रों और स्वयंसेवी संगठनों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
नगर निगम का कहना है कि प्रशासन के साथ-साथ यदि आम नागरिक भी अपने आसपास की सफाई की जिम्मेदारी निभाएं, तो दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाना संभव है।

