
स्टॉक छिपाकर महंगे दामों पर गैस बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
दिल्ली के कई इलाकों में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत देखने को मिल रही है। गैस की कमी के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच कॉलोनियों में खुली छोटी दुकानों पर गैस सिलेंडर बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, ताकि अवैध स्टॉक और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दुकानदार गैस सिलेंडरों का स्टॉक जमा करके उन्हें ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इससे आम जनता को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। कई जगहों पर घरेलू गैस सिलेंडर 1200 से 2000 रुपये तक में बेचे जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दुकानदारों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही गैस एजेंसियों की भी जांच की जाए कि कहीं एजेंसी स्तर से ही सिलेंडरों की सप्लाई में गड़बड़ी तो नहीं की जा रही।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई नहीं की गई तो गैस की समस्या और गंभीर हो सकती है। इसलिए प्रशासन को चाहिए कि कॉलोनियों में चल रही अवैध बिक्री पर रोक लगाकर गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करे।

