
नेहरू प्लेस से मदनपुर खादर तक बिना नंबर प्लेट दौड़ रहीं ईको गाड़ियां, पुलिस की नाक के नीचे 13 सवारियां भरकर चल रहा अवैध संचालन
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नेहरू प्लेस से मदनपुर खादर तक मारुति सुजुकी ईको (Eeco) गाड़ियों का अवैध संचालन धड़ल्ले से जारी है। ये गाड़ियां बिना नंबर प्लेट के सड़क पर दौड़ रही हैं और एक-एक गाड़ी में करीब 13 सवारियां भरकर यात्रियों को ढो रही हैं।
हैरानी की बात यह है कि ये वाहन नेहरू प्लेस, सुखदेव विहार, सरिता विहार और कालिंदी कुंज जैसे व्यस्त मार्गों से गुजरते हुए रोजाना सैकड़ों की संख्या में चलते हैं। इनका रूट नेहरू प्लेस से शुरू होकर सरिता विहार, शाहीनबाग और कालिंदी कुंज होते हुए मदनपुर खादर तक बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये अवैध ईको गाड़ियां ट्रैफिक सर्किल सरिता विहार, सुखदेव विहार और नेहरू प्लेस के क्षेत्र से गुजरती हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं होती। इतना ही नहीं, ये गाड़ियां डीसीपी सरिता विहार कार्यालय के सामने से भी बिना किसी डर के गुजरती हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई गाड़ियों में नंबर प्लेट तक नहीं लगी होती, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद वाहन चालक ओवरलोडिंग करते हुए 12 से 13 यात्रियों को बैठाकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जो कि यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन है।
यह पूरा संचालन थाना कालिंदी कुंज, शाहीनबाग, सरिता विहार, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और कालकाजी के क्षेत्र से होकर गुजरता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इन वाहनों पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
लोगों ने मांग की है कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और संबंधित थाना पुलिस तुरंत कार्रवाई कर इन अवैध वाहनों को जब्त करे और ओवरलोडिंग व बिना नंबर प्लेट चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए

