ओखला फेज-1 में दर्दनाक हादसा: ट्रक डिवाइडर से टकराकर पलटा, चालक की मौत; पहले बाइक को मारी थी टक्कर
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसे से पहले उसी ट्रक ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार 14 और 15 मार्च 2026 की दरम्यानी रात करीब 1 बजे थाना ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में SIS Prosegur बिल्डिंग के पास एक गंभीर सड़क हादसे की PCR कॉल मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक ट्रक (HR73B5058) डिवाइडर से टकराकर पलटा हुआ मिला और पास में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा था।
घायल को तुरंत AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ट्रक चालक लोकेन्द्र (32) पुत्र चरण सिंह निवासी गांव जखेड़ा, जिला कासगंज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पहले बाइक को मारी टक्कर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक ने सबसे पहले सरिता विहार थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास एक मोटरसाइकिल (DL6SBJ6876) को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक सवार और पीछे बैठे व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
भागने के दौरान हुआ दूसरा हादसा
पुलिस के मुताबिक बाइक को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक तेज रफ्तार में मौके से भागने लगा। इसी दौरान ओखला अंडरपास रेड लाइट के पास ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही गंभीर चोट लगने से मौत हो गई।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाकर यातायात सामान्य कराया और मामले में संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

