
बदरपुर के मोलरबंद में आग की घटना में महिला की मौत, पुलिस जांच जारी
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के बदरपुर इलाके के मोलरबंद में शनिवार को आग लगने की घटना में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह घटना 14 मार्च 2026 को हुई, जब थाना बदरपुर को पीसीआर कॉल के जरिए मोलरबंद स्थित मकान नंबर 1894, गली नंबर J-54 में आग लगने की सूचना मिली।
पुलिस को यह सूचना डीडी नंबर 81A के तहत प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना बदरपुर के एसएचओ और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि मकान की दूसरी मंजिल की छत पर बने एक परित्यक्त टॉयलेट में आग लगी हुई थी, जहां लकड़ी और कचरा पड़ा हुआ था।
मौके पर जांच के दौरान पुलिस को जले हुए ढांचे के अंदर 65 वर्षीय वीणू सिंह का जला हुआ शव मिला। पुलिस के अनुसार वीणू सिंह स्वर्गीय कमला सिंह की पत्नी थीं और उनके परिवार में तीन बेटे हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वीणू सिंह को धूम्रपान की आदत थी और वह अक्सर एकांत स्थान पर जाकर सिगरेट पीती थीं। आशंका जताई जा रही है कि धूम्रपान के दौरान ही आग भड़क गई, जिससे वह बाहर नहीं निकल सकीं और हादसे में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर जिला क्राइम टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर फोटोग्राफी की गई। परिवार की ओर से किसी प्रकार की साजिश या संदिग्ध गतिविधि का आरोप नहीं लगाया गया है, जिसके चलते फिलहाल मामला दुर्घटनावश आग लगने का माना जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। इस मामले में धारा 194 बीएनएसएस के तहत इनक्वेस्ट (मर्ग) की कार्यवाही की जा रही है।

