
बदायूं में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई: SSP और CO हटाए गए, IPS अंकिता शर्मा को सौंपी गई कमान
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
उत्तर प्रदेश के बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) प्लांट के दो अधिकारियों की हत्या के मामले में राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। आरोपी अजय प्रताप सिंह के कथित दिखावटी एनकाउंटर को लेकर कार्रवाई करते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ बृजेश सिंह और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार पचौरी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
इस मामले पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इतनी बड़ी और संवेदनशील घटना में इस तरह की कमजोर कार्रवाई स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा को बदायूं का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया है। नई नियुक्ति के साथ ही जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। माना जा रहा है कि सरकार इस पूरे प्रकरण को लेकर बेहद गंभीर है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

