
जामिया नगर में एलपीजी की अवैध बिक्री का भंडाफोड़, 62 सिलेंडरों के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के थाना जामिया नगर पुलिस ने एलपीजी गैस की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 62 गैस सिलेंडर और अवैध परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा एक टाटा ऐस वाहन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च 2026 को नियमित पेट्रोलिंग के दौरान हेड कांस्टेबल विजय और हेड कांस्टेबल विक्रम की टीम गली नंबर-39, यमुना पुस्ता, जामिया नगर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति टाटा ऐस वाहन (DL-1L-AL-9788) के पास खड़ा मिला, जिसमें बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर लदे हुए थे।
संदेह के आधार पर जब पुलिस ने आरोपी से सिलेंडर बिक्री के लाइसेंस के बारे में पूछताछ की, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन की तलाशी लेने पर कुल 62 एलपीजी सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें 48 भरे हुए और 14 इस्तेमाल किए हुए थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी रसीद या अनुमति के क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री कर रहा था और उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूल रहा था। आरोपी की पहचान शहनवाज (28 वर्ष) निवासी जोगा बाई एक्सटेंशन, जामिया नगर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी मुकेश के साथ मिलकर यह अवैध कारोबार चला रहा था। मुकेश मेरठ (उत्तर प्रदेश) के गांव ललियानी स्थित गैस एजेंसी के पास से सिलेंडर जुटाता था, जिन्हें सुनसान स्थान पर एक वाहन से टाटा ऐस में ट्रांसफर कर दिल्ली लाया जाता था। इसके बाद जामिया नगर क्षेत्र में ऊंचे दामों पर इनकी बिक्री की जाती थी।
पुलिस ने थाना जामिया नगर में एफआईआर संख्या 91/26 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 7 और बीएनएस की धारा 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सह-आरोपी मुकेश की तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में एलपीजी की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और आगे भी इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

