
मेहरौली पुलिस की बड़ी कामयाबी: ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार, 6 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 17 मार्च। दक्षिण जिला पुलिस की दिल्ली पुलिस के अंतर्गत थाना मेहरौली की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 6 चोरी की दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं और पीसीआर कॉल्स को देखते हुए विशेष पेट्रोलिंग और पिकेट व्यवस्था लागू की गई थी। इसी दौरान 15 मार्च की रात करीब 9 बजे सीडीआर चौक के पास पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी (DL-3SDL-2069) पर घूमता नजर आया। जांच करने पर स्कूटी चोरी की निकली, जिसे 13 फरवरी को थाना मेहरौली क्षेत्र से चुराया गया था।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सूरज दिवाकर उर्फ एंटेना (23) निवासी अंबेडकर कॉलोनी, छतरपुर पहाड़ी के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी आमिर उर्फ आमू के साथ मिलकर कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन के पास फुटओवर ब्रिज से यह स्कूटी चोरी की थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मेहरौली स्थित अहिंसा स्थल के पीछे श्मशान घाट इलाके में छापा मारकर 5 अन्य चोरी की दोपहिया वाहन भी बरामद किए।
बरामद वाहनों में से 2 वाहन थाना मेहरौली के मामलों से संबंधित हैं, जबकि अन्य वाहन थाना किशनगढ़, नेब सराय और अंबेडकर नगर क्षेत्रों से चोरी किए गए थे। आरोपी ने कई अन्य वारदातों में भी शामिल होने की बात कबूल की है, जिनकी जांच जारी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पहले भी लूट और स्नैचिंग के मामलों में शामिल रहा है।
दक्षिण जिला के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम है और आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

