
राजपुर खुर्द में अवैध LPG गोदाम का भंडाफोड़, 223 सिलेंडर जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 18 मार्च। दक्षिण जिला पुलिस ने अवैध एलपीजी सिलेंडर भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर खुर्द इलाके में चल रहे एक अवैध गोदाम का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से कुल 223 इंडेन गैस सिलेंडर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च को मिली गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने एसआई अमित ग्रेवाल के नेतृत्व में ग्राम राजपुर खुर्द, जनरेटर वाली गली (खसरा नंबर 28/2) स्थित एक प्लॉट पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 16 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, 45 खाली घरेलू सिलेंडर और 162 खाली कमर्शियल सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और 8 सेफ्टी कैप भी जब्त किए गए।
जांच में सामने आया कि यह स्थान बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध भंडारण केंद्र के रूप में संचालित किया जा रहा था। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडरों का असुरक्षित तरीके से भंडारण आसपास के लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बना हुआ था।
मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हितेश राठी (38) और अरविंद कुमार (40) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ही सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले की सूचना पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और इंडेन गैस कंपनी के प्रतिनिधियों को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने सिलेंडरों की गिनती और सत्यापन किया।
इस संबंध में थाना मैदान गढ़ी में FIR संख्या 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 287/288/61(2) और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
दक्षिण जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

