
बिना लाइसेंस और फायर NOC के चल रहा “मधुवन गार्डन”, पेड़ काटकर DDA जमीन पर अवैध कब्जा!
मदनपुर खादर में हजारों वर्ग गज पर अवैध मैरिज गार्डन; पहले खबर के बावजूद प्रशासन खामोश
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली। राजधानी के मदनपुर खादर इलाके में कानून और पर्यावरण दोनों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। D2, जे.जे. कॉलोनी, मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट-2 में DDA की जमीन पर लगे छायादार और फलदार पेड़ों को काटकर अवैध रूप से “मधुवन गार्डन” नाम का मैरिज/पार्टी गार्डन संचालित किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस स्थान पर पहले घने पेड़ और हरियाली थी, जिसे काटकर करीब 1000 वर्ग गज क्षेत्र में टीन शेड और कमर्शियल ढांचा तैयार किया गया। मौके पर लगे बोर्ड में रवि और जवाहर सिंह के नाम व मोबाइल नंबर दर्ज हैं, जिससे संचालन करने वालों की पहचान स्पष्ट होती है।
सबसे गंभीर बात यह है कि यह तथाकथित “मधुवन गार्डन” बिना किसी वैध लाइसेंस, अनुमति और फायर NOC के संचालित किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर लोगों की जान के साथ खिलवाड़ है। आग लगने जैसी स्थिति में यहां मौजूद लोगों की सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इस मामले को लेकर पहले भी समाचार प्रकाशित किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद MCD, DDA और स्थानीय पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे यह संदेह और गहरा हो जाता है कि इस अवैध निर्माण को अधिकारियों की मौन सहमति प्राप्त है।
यह मामला कई गंभीर उल्लंघनों को दर्शाता है:
DDA की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा
छायादार एवं फलदार पेड़ों की अवैध कटाई
बिना लाइसेंस व्यावसायिक गतिविधि
बिना फायर NOC लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़
स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि:
“मधुवन गार्डन” को तुरंत सील/ध्वस्त किया जाए
संचालकों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए
संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच हो
क्षेत्र में पुनः वृक्षारोपण कराया जाए
अब सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक प्रशासन की आंखों के सामने सरकारी जमीन और पर्यावरण की इस तरह से बलि चढ़ती रहेगी?

