
हॉर्मुज़ संकट के बीच भारत को राहत: नौसेना की सुरक्षा में गुजरात पहुंचे दोनों एलपीजी टैंकर
46,500 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर वडीनार पहुंचा ‘नंदा देवी’, एक दिन पहले ‘शिवालिक’ मुंद्रा पोर्ट पर लगा
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
हॉर्मुज़ स्ट्रेट में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय नौसेना की सुरक्षा में देश के दोनों एलपीजी टैंकर सुरक्षित रूप से गुजरात पहुंच गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, ‘नंदा देवी’ नामक टैंकर 46,500 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर वडीनार पहुंचा, जहां अब शिप-टू-शिप ट्रांसफर की प्रक्रिया की जाएगी। इससे एक दिन पहले दूसरा टैंकर ‘शिवालिक’ मुंद्रा पोर्ट पर सफलतापूर्वक डॉक कर चुका था।
दोनों जहाज शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के स्वामित्व में हैं और इनमें भरी एलपीजी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन द्वारा मंगाई गई थी। यह खेप हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के रास्ते लाई गई, जहां हाल ही में ईरान से जुड़े तनाव के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने इस पर बयान देते हुए कहा कि ईरान के साथ भारत की सीधी बातचीत सकारात्मक परिणाम दे रही है। हालांकि, हॉर्मुज़ स्ट्रेट से गुजरने के लिए अनुमति अभी भी “केस-बाय-केस” आधार पर दी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस सफल ऑपरेशन से देश में एलपीजी सप्लाई को लेकर किसी संभावित संकट को टालने में मदद मिलेगी और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

