
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में अतिक्रमण पर गंभीर आरोप, अधिकारियों व पुलिस की भूमिका पर सवाल
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिणी- दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 स्थित अंडरपास और तहखंड मोड़ रेड लाइट के पास अवैध अतिक्रमण का मामला अब और गंभीर हो गया है। यहां सड़क किनारे रेत, बजरी और अन्य निर्माण सामग्री डालकर रास्ता घेर लिया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अतिक्रमण हमदर्द लेबोरेट्री की दीवार से सटाकर लंबे समय से किया जा रहा है। मामले में अब एलआई (Licensing Inspector), मेंटेनेंस विभाग के जेई (Junior Engineer) के साथ-साथ स्थानीय थाना ओखला इंडस्ट्रियल एरिया की बीट नंबर-1 पुलिस की कथित मिलीभगत के आरोप भी सामने आए हैं।
नागरिकों का कहना है mcd 311 app पर कई बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे संबंधित विभागों और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अतिक्रमण जस का तस बना हुआ है, जिससे अवैध गतिविधियों को संरक्षण मिलने की आशंका जताई जा रही है।
राहगीरों और वाहन चालकों के अनुसार, यह स्थान पहले से ही अत्यंत व्यस्त है। अंडरपास और रेड लाइट पर भारी ट्रैफिक रहता है, ऐसे में सड़क पर निर्माण सामग्री रखने से रास्ता संकरा हो गया है, जाम की स्थिति बन रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी अधिकारी या पुलिसकर्मी की मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, मौके से तत्काल अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जाए।

