
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में आपातकालीन गली पर कब्जा, विभागों की मिलीभगत के आरोप
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। राजधानी के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 स्थित DSIIDC शेड स्कीम-2 में अवैध कब्जे का एक गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार शेड नंबर 8 और 9 के बीच स्थित आपातकालीन गली को पूरी तरह घेरकर 9/1 नंबर के नाम से अवैध निर्माण कर लिया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह गली आपातकालीन उपयोग (फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस आदि) के लिए निर्धारित थी, लेकिन इसे अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर दिया गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में बड़ी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
इस मामले में DSIIDC, MCD, DDA, बिजली विभाग सहित संबंधित विभागों की मिलीभगत के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध निर्माण को तुरंत हटाकर आपातकालीन मार्ग को बहाल किया जाए और दोषी अधिकारियों व निर्माणकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

