
मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट–3 में प्रशासन की अनदेखी जारी
नई दिल्ली | संवाददाता –
मदनपुर खादर एक्सटेंशन पार्ट–3 के श्री राम चौक से थाना कालिंदी कुंज रोड पर लगने वाले अवैध शनि बाजार को लेकर पूर्व में प्रकाशित खबर का प्रशासन पर कोई असर दिखाई नहीं दिया। शनिवार को एक बार फिर उसी स्थान पर साप्ताहिक बाजार लगाया गया, जिससे पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था चरमरा गई।
मुख्य सड़क पर बाजार लगने से दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रsही, वहीं पैदल चलने वाले लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर सप्ताह यही हाल होता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर मौन साध लेते हैं।
इस बार सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बाजार में ठेकेदार राकेश खुलेआम तहबाज़ारी की उगाही करते हुए कैमरे में कैद हो गया। वीडियो फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि दुकानदारों से पैसे वसूले जा रहे हैं, इसके बावजूद न तो नगर निगम की ओर से कोई रोक लगाई गई और न ही पुलिस ने हस्तक्षेप किया।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह पूरा बाजार नगर निगम और पुलिस की कथित मिलीभगत से चलाया जा रहा है, तभी बार-बार खबरें प्रकाशित होने और शिकायतें सामने आने के बावजूद अवैध बाजार बदस्तूर जारी है।
इलाके के लोगों ने सवाल उठाया है कि जब उगाही के सबूत कैमरे में कैद हो चुके हैं, तो कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? लोगों ने मांग की है कि अवैध शनि बाजार को तत्काल बंद किया जाए और ठेकेदार राकेश सहित जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि जनता को इस स्थायी समस्या से राहत मिल सके।

