


विशेष संवाददाता, संदेश धारा –
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जैतपुर–कालिंदी कुंज रोड स्थित खड्डा कॉलोनी, परवीन प्लाजा के बराबर स्थित दो प्लॉटों पर रात के अंधेरे में अवैध कब्जा करने की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्लॉट स्वामियों मोहम्मद उस्मान (75 गज) और नाजरीन (100 गज) ने आरोप लगाया है कि 26 दिसंबर 2025 की रात्रि को रजत और सुन्दर सिंह उर्फ पप्पी मौके पर पहुंचे और सीमेंट व ईंटें डालकर जमीन पर जबरन कब्जा जमाने का प्रयास किया।
पीड़ितों का कहना है कि दोनों प्लॉट उनके वैध स्वामित्व में हैं और सभी संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं। आरोप है कि बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के देर रात निर्माण सामग्री डालना पूर्व नियोजित कब्जे की मंशा को दर्शाता है। इसकी जानकारी मिलते ही प्लॉट स्वामियों ने पुलिस को सूचना देकर हस्तक्षेप की मांग की।
मामले को और गंभीर बनाता है यह तथ्य कि आरोपी सुन्दर सिंह उर्फ पप्पी कथित रूप से आम आदमी पार्टी से सरिता विहार वार्ड अध्यक्ष हैं। पीड़ितों का आरोप है कि राजनीतिक पद और प्रभाव के चलते कार्रवाई प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है, जबकि मामला बदरपुर विधानसभा क्षेत्र का है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खड्डा कॉलोनी क्षेत्र में भूमि पर कब्जे और विवादों के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई अक्सर सवालों के घेरे में रहती है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में राजनीतिक पहचान से ऊपर उठकर निष्पक्ष जांच की जाए।
प्लॉट स्वामियों ने दिल्ली पुलिस और प्रशासन से स्पष्ट मांग की है कि
26 दिसंबर की रात हुई गतिविधियों की जांच कराई जाए,
अवैध रूप से डाली गई ईंट व सीमेंट तत्काल हटवाए जाएं,
और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

