
विशेष संवाददाता संदेश धारा-
मुंबई। बॉलीवुड की चर्चित क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम 3’ की शूटिंग शुरू होने से पहले ही विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म के प्रोड्यूसर ने अभिनेता अक्षय खन्ना पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके फिल्म से इनकार करने को गैर-पेशेवर व्यवहार बताया है और कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
प्रोड्यूसर के अनुसार, अक्षय खन्ना के साथ फिल्म के लिए एग्रीमेंट साइन हो चुका था और उनकी फीस भी एक्टर की खुद की रिक्वेस्ट पर तय की गई थी। इसके बावजूद शूटिंग से ठीक पहले उनका प्रोजेक्ट छोड़ देना न केवल इंडस्ट्री के नियमों के खिलाफ है, बल्कि इससे फिल्म को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रोड्यूसर ने आगे आरोप लगाया कि अक्षय खन्ना की ओर से बार-बार विग पहनने की डिमांड रखी गई। उन्होंने कहा कि अभिनेता के करीबी लोगों ने उन्हें यह कहकर भड़काया कि विग पहनने से वे ज्यादा स्मार्ट दिखेंगे। इस विषय पर बात हो जाने के बावजूद अक्षय ने दोबारा वही मांग दोहराई, जिससे मामला और बिगड़ गया।
प्रोड्यूसर कुमार ने कहा,
“एक समय था जब अक्षय खन्ना के पास कोई काम नहीं था, तब हमने उनके साथ सेक्शन 375 (2019) बनाई थी। उस वक्त भी कई लोगों ने मुझे चेताया था कि वे अनप्रोफेशनल हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि
“सेट पर उनकी एनर्जी बेहद नेगेटिव रहती है। इससे पहले वे 3-4 साल तक घर पर बैठे थे। उनकी पिछली फिल्में उनके नाम पर नहीं चलीं। दृश्यम फ्रेंचाइजी अजय देवगन के नाम पर चलती है।”
प्रोड्यूसर ने तीखे शब्दों में कहा कि यदि अक्षय खन्ना खुद को सुपरस्टार मानते हैं, तो उन्हें किसी बड़े स्टूडियो के साथ सुपरस्टार बजट की फिल्म बनाकर दिखानी चाहिए।
“देखते हैं उन्हें कौन अप्रूवल देता है,” उन्होंने जोड़ा।
फिलहाल इस पूरे विवाद पर अक्षय खन्ना की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन ‘दृश्यम 3’ को लेकर उठे इस विवाद ने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल जरूर मचा दी है।

