
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। शाहीन बाग ठोकर नंबर-6 और कालिंदी कुंज पार्क क्षेत्र में अवैध पार्किंग और बिना वैध अनुमति के वाहनों के संचालन ने राहगीरों और स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। ठोकर नंबर-6 पर बड़े पैमाने पर कमर्शियल वाहनों की अवैध पार्किंग के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है।
वहीं कालिंदी कुंज पार्क के आसपास उत्तर प्रदेश और हरियाणा नंबर के ऑटो बिना किसी वैध परमिट/अनुमति के संचालित किए जा रहे हैं। इन ऑटो का सड़क किनारे खड़ा रहना और अनियंत्रित संचालन न केवल यातायात बाधित कर रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर ट्रैफिक पुलिस सर्किल न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम में कई बार शिकायत व सूचना दी जा चुकी है, इसके बावजूद न तो अवैध पार्किंग हटाई गई और न ही बिना अनुमति चल रहे ऑटो पर ठोस कार्रवाई की गई।
रोजाना स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र, कार्यालय कर्मी और आपात सेवाओं के वाहन जाम में फंस रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल संयुक्त कार्रवाई कर—
अवैध पार्किंग पर चालान व टोइंग,
बिना परमिट ऑटो का संचालन बंद,
स्थायी ट्रैफिक पिकेट/निगरानी,
और वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था
सुनिश्चित करें, ताकि क्षेत्र में यातायात सुचारु हो सके।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत और जनआंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे

