
बदरपुर थाना स्टाफ पर नशा कारोबारियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली।
गौतमपुरी क्षेत्र में हुई चाकूबाज़ी की घटना की खबर प्रकाशित करने पर एक पत्रकार के साथ जबरन उठाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार राज कुंद्रा, जो संदेश धारा एवं बजाते रहो डिजिटल मीडिया से जुड़े हैं, ने बदरपुर थाना पुलिस स्टाफ और नशे के अवैध कारोबारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
राज कुंद्रा के अनुसार, उन्होंने गौतमपुरी में हुई चाकूबाज़ी की घटना की खबर अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित की थी, जिससे क्षेत्र में सक्रिय नशा कारोबार से जुड़े लोग और थाना पुलिस का कुछ स्टाफ नाराज़ हो गया। आरोप है कि इसके बाद उन पर खबर डिलीट करने का लगातार दबाव बनाया गया।
पीड़ित का कहना है कि कल रात्रि करीब 8 बजे उन्हें लोहिया पुल से पुलिस कर्मचारी सुमित, बदरपुर थाना SHO, तथा DK और उसके अन्य अज्ञात साथी कथित तौर पर चाकू और पिस्टल की नोक पर जबरन उठाकर गौतमपुरी पुलिस चौकी ले गए।
आरोप है कि चौकी परिसर में उनके साथ मारपीट की गई और चाकू/ब्लेड दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में SHO द्वारा औपचारिकता निभाते हुए उन्हें छोड़ दिया गया। पत्रकार का आरोप है कि क्षेत्र में चल रहे अवैध नशे के कारोबार को थाना स्तर पर संरक्षण प्राप्त है।
राज कुंद्रा ने इस पूरे मामले को स्वतंत्र पत्रकारिता पर हमला बताते हुए DCP साउथ-ईस्ट दिल्ली से निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और स्वयं व परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

