
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली (ओखला)।
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में इन दिनों ऑटो रिक्शा का संचालन पूरी तरह अव्यवस्थित हो गया है। क्षेत्र में न तो नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती दिखाई देती है और न ही ऑटो के दस्तावेज़ों की कोई जांच हो रही है, जिससे नियमों को ताक पर रखकर ऑटो खुलेआम सड़कों पर चल रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां चल रहे कई ऑटो बिना वैध परमिट और निर्धारित रूट अनुमति के संचालित हो रहे हैं। ऑटो चालक सड़क किनारे या बीच सड़क पर ही सवारी बैठा-उतार रहे हैं, जिससे अक्सर जाम और दुर्घटना जैसी स्थिति बन जाती है। बावजूद इसके, संबंधित विभाग की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नजर नहीं आती।
औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण सुबह और शाम कर्मचारियों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में ऑटो चालकों की मनमानी से पैदल चलने वालों और दोपहिया चालकों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
प्रशासन पर उठते सवाल
जब क्षेत्र में अव्यवस्थित ऑटो संचालन सबके सामने है, तो कार्रवाई क्यों नहीं?
क्या ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती की कोई व्यवस्था नहीं?
मांग
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में
ऑटो के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया जाए
बिना परमिट और नियम तोड़ने वाले ऑटो पर सख्त कार्रवाई हो
नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की जाए
अब देखना यह है कि प्रशासन इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है, या फिर क्षेत्रवासी इसी अव्यवस्था के बीच सफर करने को मजबूर रहेंगे।

