
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली (जसोला)।
डीडीए के अधीन नेताजी सुभाष खेल परिसर, जसोला के सामने स्थित सरकारी भूमि पर गंभीर अनियमितता सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा जिस जमीन पर बॉउंड्री की गई है, उसके अंदर एक कबाड़ी द्वारा अवैध रूप से कब्ज़ा किया गया है।
हैरानी की बात यह है कि मदनपुर खादर गांव का एक व्यक्ति इस सरकारी जमीन को निजी भूमि बताकर उसका सौदा करने और बेचने का प्रयास कर रहा है, जबकि इस भूमि का स्वामित्व पूरी तरह से डीडीए के पास दर्ज है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कबाड़ी द्वारा वहां अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे न सिर्फ सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है बल्कि कानून-व्यवस्था और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
लोगों ने मांग की है कि डीडीए और जिला प्रशासन तत्काल मौके का निरीक्षण कर अवैध कब्ज़ा हटाए, संबंधित कबाड़ी और फर्जी सौदा करने वाले व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की जाए तथा सरकारी भूमि को सुरक्षित किया जाए।

