
विशेष संवाददाता संदेश धारा-
नई दिल्ली।दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (AEKC) ने नकली ब्रांडेड जूतों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने Nike, Adidas, New Balance और Skechers जैसे नामी अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के नकली जूतों की निर्माण इकाई का भंडाफोड़ करते हुए फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि दिल्ली में एक अवैध यूनिट में बड़े पैमाने पर नकली ब्रांडेड जूतों का निर्माण किया जा रहा है, जिन्हें बाद में देश के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई किया जाता है। सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर इस अवैध इकाई को पकड़ा।
छापेमारी के दौरान मौके से 10,000 से अधिक नकली जूतों के पार्ट्स, भारी मशीनरी, ब्रांड लोगो छापने की प्रिंटिंग सामग्री और अन्य उपकरण बरामद किए गए। जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार को चला रहा था और नकली उत्पादों को असली बताकर बाजार में खपाया जा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं को धोखा दिया जा रहा था और ब्रांड कंपनियों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
यह सफल कार्रवाई निरीक्षक अमित सोलंकी के नेतृत्व में, एसीपी पंकज अरोड़ा के मार्गदर्शन तथा डीसीपी श्री संजीव कुमार यादव के समग्र पर्यवेक्षण में की गई।
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नकली और अवैध कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

