
गढ़मुक्तेश्वर में नए भूमि अधिग्रहण बिल को लागू करने की उठी मांग
गुलफाम सैफी, संदेश धारा
- हापुड़ जनपद की विधानसभा 60 गढ़मुक्तेश्वर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान ने किसानों के मुद्दों को लेकर जोरदार आवाज उठाई। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा पारित 9 लाख करोड़ रुपये के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बजट में किसानों के हितों की अनदेखी की गई है।
एडवोकेट सुधीर चौहान ने विशेष रूप से सिंभावली शुगर मिल का मुद्दा उठाते हुए बताया कि पिछले वर्ष का लगभग 200 करोड़ रुपये का गन्ना भुगतान अब तक किसानों को नहीं मिला है। वहीं चालू वर्ष में भी लगभग 300 करोड़ रुपये का गन्ना किसान मिल में डाल चुके हैं, जिसका भुगतान अभी लंबित है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
इसके अलावा गांव सदरपुर और जखेड़ा में भूमि अधिग्रहण को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि किसानों की जमीन 12 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से अधिग्रहित की जा रही है, जबकि क्षेत्र में बाजार मूल्य 40 से 50 लाख रुपये तक है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना में भी कम दरों पर जमीन अधिग्रहण का आरोप लगाया और कहा कि किसानों को अपने हक के लिए धरना-प्रदर्शन तक करना पड़ रहा है।
सपा राष्ट्रीय प्रवक्ता एडवोकेट सुधीर चौहान ने मांग की कि गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में नया भूमि अधिग्रहण बिल लागू किया जाए, जिससे किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो।

