
हजरत निजामुद्दीन थाना पुलिस की मुस्तैद गश्त से बड़ी कामयाबी दो ऑटो-लिफ्टर गिरफ्तार, चोरी की बाइक व 34 मोबाइल फोन बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस को सड़क अपराध के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। थाना हजरत निजामुद्दीन पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान दो ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल और 34 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन में दो चोरी के मोबाइल ई-एफआईआर से संबंधित हैं, जबकि 32 मोबाइल फोन गुमशुदगी की रिपोर्ट से जुड़े पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 14 मार्च 2026 को उस समय हुई जब थाना हजरत निजामुद्दीन के हेड कांस्टेबल सोनू और कांस्टेबल राजेंद्र लोधी रोड फ्लाईओवर स्थित बस्ती हजरत निजामुद्दीन के पास नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (DL3SFH6044) पर सवार दो युवक संदिग्ध हालत में तेज गति से आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी मोटरसाइकिल के स्वामित्व के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जांच में मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई, जो थाना ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में दर्ज ई-एमवीटी संख्या 005848/2026 से संबंधित है। इसके अलावा बरामद मोबाइल फोन ई-एफआईआर संख्या 80022347/2026 व 80022335/2026 से जुड़े पाए गए।
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी पवन उर्फ रोहित ने झपटमारी और चोरी के चार अन्य मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि कर रही है तथा वाहन व मोबाइल चोरी के अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन उर्फ रोहित (24) पुत्र रविंदर निवासी एफ-37 माता मोहल्ला, तेहखंड, ओखला फेज-1 और विक्की गुप्ता (22) पुत्र प्रदीप गुप्ता निवासी सी-13 मजदूर कैंप, ओखला फेज-1 के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पवन पहले भी झपटमारी व चोरी के चार मामलों में शामिल रहा है, जबकि विक्की का अब तक कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।
यह कार्रवाई थाना हजरत निजामुद्दीन के एसएचओ इंस्पेक्टर पंकज कुमार के नेतृत्व और एसीपी लाजपत नगर मिहिर साकरिया के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और उनसे अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

