
पालम गांव में अवैध LPG रिफिलिंग रैकेट का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली: दिल्ली के पालम गांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध LPG गैस भंडारण और रिफिलिंग करने वाले एक रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान 45 भारत गैस सिलेंडर, एक टेम्पो वाहन और गैस की अवैध रिफिलिंग व ट्रांसफर में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए। यह रैकेट घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर अवैध रूप से अन्य सिलेंडरों में भरने का काम कर रहा था, जिससे न केवल सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था बल्कि बड़े हादसे का खतरा भी बना हुआ था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनार सिंह, सत्यवीर और विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गिरोह कब से सक्रिय था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस के अनुसार, इलाके में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
🚨 पुलिस की अपील:
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध गैस रिफिलिंग या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

