दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक परियोजना का ऑन-साइट निरीक्षण, कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। माननीय केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी के साथ डीएनडी ↔️ महारानी बाग ↔️ जैतपुर ↔️ पुश्ता रोड तक प्रस्तावित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक (NH-148 NA) परियोजना का ऑन-साइट निरीक्षण किया गया। इस दौरान फरीदाबाद ↔️ जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट एक्सप्रेसवे परियोजना की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्य की गति और भविष्य की योजनाओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। बताया गया कि इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी और लाखों लोगों के लिए सफर अधिक तेज़, सुगम और सुविधाजनक बन जाएगा।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे लिंक के माध्यम से राजधानी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिससे ट्रैफिक दबाव कम होने के साथ यात्रा समय में भी बड़ी कमी आने की संभावना है। वहीं फरीदाबाद से जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक प्रस्तावित एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।

इस अवसर पर माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा जी, श्री अजय टम्टा जी, श्री कृष्णपाल गुर्जर जी, सांसद श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी जी, कैबिनेट मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह जी, हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा जी एवं पूर्व सांसद श्री रमेश बिधूड़ी जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

