ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय थाना और MCD की चुप्पी पर सवाल
साहिल मंसूरी, संदेश धारा –
नई दिल्ली | 25 दिसंबर 2025
दक्षिण दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित अंडरपास, B-ब्लॉक में महिंद्रा और हुंडई वर्कशॉप के बाहर सर्विस रोड पर खुलेआम अवैध पार्किंग और कब्जा किया जा रहा है। वर्कशॉप संचालकों द्वारा ग्राहकों की गाड़ियों को सार्वजनिक सड़क पर खड़ा करवा दिया जाता है, जिससे पूरे इलाके में भीषण जाम की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय लोगों और औद्योगिक इकाइयों का कहना है कि सर्विस रोड पर अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों के कारण दोपहिया, कार, मालवाहक वाहन और आपातकालीन सेवाओं को निकलने में भारी दिक्कत होती है। कई बार वाहन आमने-सामने फंस जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस गंभीर समस्या को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय थाना पुलिस और नगर निगम दिल्ली (MCD) से कई बार शिकायत की जा चुकी है, इसके बावजूद आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। न तो अवैध पार्किंग पर नियमित चालान हो रहे हैं, न ही MCD द्वारा अतिक्रमण हटाने की कोई कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते वर्कशॉप संचालकों ने सर्विस रोड को निजी पार्किंग स्थल बना लिया है। यह न केवल मोटर व्हीकल एक्ट और MCD एक्ट का खुला उल्लंघन है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है।
प्रश्न यह उठता है कि जब अवैध कब्जा और ट्रैफिक बाधा तस्वीरों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, तो फिर MCD, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना आखिर किसके इंतज़ार में हैं? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही प्रशासन जागेगा?

