गुलफाम सैफी | संदेश धारा
हापुड़। जनपद हापुड़ में बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण को लेकर विटामिन ए सम्पूरण कार्यक्रम के द्वितीय चरण का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा पी०पी०सी० कोठी गेट, हापुड़ पर किया गया। यह अभियान 26 दिसंबर 2025 से 24 जनवरी 2026 तक चलाया जाएगा।
इस अवसर पर बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य 09 माह से 05 वर्ष तक के बच्चों में रोगों से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना तथा कुपोषण से बचाव करना है। इसके तहत प्रत्येक बच्चे को हर 06 माह के अंतराल पर विटामिन ए की खुराक दी जाती है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान के दौरान जनपद हापुड़ में लगभग 1,55,260 बच्चों को विटामिन ए पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी संचालित किया जा रहा है, जहां आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय पर विटामिन ए पिलवाएं ताकि बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके। स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

