
गुलफाम सैफी | संदेश धारा
हापुड़ जनपद के थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के आदेशों पर उप जिलाधिकारी के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम ने खनन माफियाओं के विरुद्ध सख्त कदम उठाते हुए पांच डंपरों को सीज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील क्षेत्र के ग्राम सलोनी में खनन माफियाओं द्वारा लंबे समय से अवैध रूप से खनन किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर राजस्व विभाग ने रात्रि में अचानक छापेमारी की। नायब तहसीलदार वेद प्रकाश सोनी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके से अवैध खनन में लगे पांच डंपरों को पकड़ लिया गया।
सीज किए गए सभी डंपरों को बहादुरगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। इस अचानक हुई कार्रवाई से खनन माफियाओं में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

