विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। बारापुल्ला फ्लाईओवर पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य सात लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब महिंद्रा स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
पुलिस के अनुसार, 12 जनवरी 2026 की रात करीब 2:30 बजे थाना सनलाइट कॉलोनी (PS SLC) में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि बारापुल्ला फ्लाईओवर के अंत, रिंग रोड की ओर, एक चार पहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना में बताया गया कि वाहन में 5-6 लोग सवार थे और स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई घायल या शिकायतकर्ता मौजूद नहीं मिला। बाद में पता चला कि सभी घायलों को पीसीआर वैन के माध्यम से एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया जा चुका था।
एम्स ट्रॉमा सेंटर से प्राप्त मेडिको लीगल केस (एमएलसी) की जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल व्यक्तियों की पहचान इस प्रकार हुई—
निखिल
गगन (19 वर्ष)
हर्ष (26 वर्ष)
भीषम (25 वर्ष)
युवराज (20 वर्ष)
मान (16 वर्ष)
हिमांशु (23 वर्ष)
चिकित्सकीय जांच के दौरान 26 वर्षीय हर्ष पुत्र विजय को डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक हर्ष ही वाहन चला रहा था। तेज रफ्तार के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और बारापुल्ला फ्लाईओवर के अंत में डिवाइडर से जा टकराया, जिससे यह हादसा हुआ।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106/281/125 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और घायलों का इलाज जारी है।

