18 घंटे में लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

PS कालिंदी कुंज पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लूटा गया Samsung S24FE मोबाइल बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे के पास खदर पुलिया बस स्टैंड पर हुई लूट की वारदात का मात्र 18 घंटे में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया Samsung S24FE मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
घटना का विवरण
दिनांक 9 फरवरी 2026 को रात करीब 9:15 बजे थाना कालिंदी कुंज में PCR कॉल प्राप्त हुई, जिसमें खदर पुलिया बस स्टैंड के पास लूट की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को शिकायतकर्ता जगदीश सिंह (42 वर्ष) निवासी मदनपुर खादर, जो एलआईसी कर्मचारी हैं, मिले।
शिकायत के आधार पर FIR संख्या 125/2026 दिनांक 10.02.2026, धारा 309/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए SHO कालिंदी कुंज इंस्पेक्टर जतन सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह (ATO), एएसआई राकेश, हेड कांस्टेबल हरीश, कुलश्रेष्ठ, भारत और कांस्टेबल अभय शामिल थे।
टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों के 50 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और स्थानीय खुफिया तंत्र व तकनीकी निगरानी की मदद से चार संदिग्धों की पहचान की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 18 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को दबोच लिया।
आरोपियों से पूछताछ में खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसान शिकार की तलाश में इलाके में घूम रहे थे। बस स्टैंड पर शिकायतकर्ता को अकेला देखकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद मोबाइल फोन छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
दिलवर अली (23 वर्ष) – निवासी मदनपुर खादर (बेरोजगार)
सोरिफुल (19 वर्ष) – निवासी मदनपुर खादर (MCD मजदूर)
मोहिन (22 वर्ष) – निवासी मदनपुर खादर (बेरोजगार)
तीनों आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
फरार आरोपी
नूर नवी – निवासी मदनपुर खादर (फरार)
पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का बयान
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है।
पुलिस अब आरोपियों से अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

